जुलाई की एक सुबह, मैं फ़ॉर्मल कपड़े और बूट पहनकर स्थानीय स्वास्थ्य कैंप पहुँची। मैं दूसरे स्टूडेंट वॉलंटियर्स से अलग दिखना चाहती थी, ताकि मैं हेल्पर के बजाए रिसर्चर लगूँ। हमारे जैसे कुछ हिंदी भाषी मेडिकल स्टूडेंट्स को मुख्य रूप से इसलिए बुलाया गया था ताकि हम मरीज़ों की शिकायतें सुनकर उन्हें वहाँ मौजूद डॉक्टरों को समझा सकें। मैं वहाँ सिर्फ़ मदद करने के लिए नहीं गई थी। मैं एक रिसर्चर हूँ और मेरा अपना मक़सद, अपने रिसर्च के लिए कुछ शुरुआती इंटरव्यू करना था। डायबिटीज़ और हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों का इलाज करा रहे मरीजों से मुझे इंटरव्यू करना था।
कैंप हॉल में कई डॉक्टर इंतज़ार कर रहे थे। मैं उनके बीच से गुज़री। मेरे भीतर एक महत्वाकांक्षी अकादमिक की सधी हुई उत्सुकता थी। अगले चार घंटे तक मैं भीड़ के बीच घूमती रही और मरीज़ों से भारत की स्वास्थ्य-व्यवस्था को लेकर उनकी मान्यताओं, तौर-तरीक़ों और अनुभवों के बारे में पूछती रही।
उनकी बातें सुनते हुए मुझे इस बात का पूरा एहसास था कि उनकी तुलना में मैं कितनी साधन-संपन्न हूँ। यह बात मुझे भीतर तक दुख देती थी कि जन्म के संयोग ने मेरी ज़िंदगी को उनकी ज़िंदगी से अलग कर दिया था – और इस पर न मेरा बस था, न उनका।
इसके बाद, मैं ऐसी कहानियों से रूबरू हुई जो थकान और तकलीफ़ से भरी हुई थीं। महिलाएँ बिखरे परिवारों, आर्थिक तंगी, बीमार प्रियजनों और दुर्व्यवहार करने वाले साथियों का बोझ उठा रही थीं। उन्होंने ऐसी सच्चाइयाँ सामने रखीं जिन्हें सुनकर समझ पाना भी मेरे लिए मुश्किल था, उन्हें जीना तो दूर की बात थी।
पुरुषों ने परिवार के लिए रोजी-रोटी कमाने वाला होने के नाते अपनी बेचैनी के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि कैसे वे अक्सर शारीरिक बीमारियों को नज़रअंदाज़ करते हैं या जल्दी ठीक होने के उपाय ढूँढ़ते हैं ताकि एक दिन की भी मज़दूरी का नुक़सान न हो या परिवार को कोई “परेशानी” न उठानी पड़े। उनकी कहानियों से मुझे एहसास हुआ कि ज़िंदगी को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें अपनी रोज़मर्रा की तकलीफ़ों को कितना दबाना पड़ता है। इन चिंताओं को खुलकर न कह पाने की उनकी हिचकिचाहट ने मुझे यह सोचने पर भी मजबूर किया कि मर्द होने से जुड़ी सख़्त अपेक्षाएँ किस तरह उनके तकलीफ़ को महसूस करने और उसे ज़ाहिर करने के तरीक़ों को आकार देती हैं।
मैं उनकी बातें अपने विशेषाधिकार के गहरे एहसास के साथ सुन रही थी। इस बात का दर्दनाक एहसास था कि जन्म के संयोग ने मेरी ज़िंदगी को उनकी ज़िंदगी से कितना अलग कर दिया था – और इस पर न मेरा बस था, न उनका। मैं भावनात्मक रूप से “प्रोफ़ेशनल” नहीं रह पाई। हर भारी होती बातचीत के बाद मुझे थोड़ा साँस लेने और सँभलने के लिए रुकना पड़ता था।
लोगों के अनकहे दुख को इतने क़रीब से लगातार चार घंटे तक देखते-सुनते रहने के बाद मैं पूरी तरह थक चुकी थी। तब मैंने तय किया कि अब वॉलंटियर वाले कुछ काम करने का समय आ गया है।
मैं स्क्रीनिंग डेस्क पर गई, जहाँ लोग एक प्रश्नावली (questionnaire) भरने के लिए लाइन में खड़े थे। गहरी बातचीत और भावनाओं से जुड़े मुश्किल काम को छोड़कर प्रशासनिक आँकड़े इकट्ठा करने का आसान काम मिलने से मुझे राहत मिली। मैं एक दूसरे वॉलंटियर के बग़ल में बैठी, एक नया फ़ॉर्म खोला और मशीन की तरह एक तय लय में काम करने लगी।
घर से दूर रहकर रोज़ 15 घंटे काम करने और आर्थिक तंगी से जूझने वाले किसी प्रवासी मज़दूर से आप कैसे कह सकते हैं कि वह अपनी जटिल परेशानी को “कभी-कभी”, “अक्सर” या “बहुत बार” जैसे शब्दों में बयान करे, मानो उसकी परेशानी को उन हालात से अलग किया जा सकता हो जो उसकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुके हैं?
मेरी पहली उत्तरदाता पचास की उम्र पार कर चुकीं एक ख़ुशमिज़ाज महिला थीं। वे असम से यहाँ आई थीं। उन्होंने बहुत उत्साह के साथ अपनी उम्र, मूल स्थान और सामान्य स्वास्थ्य से जुड़े सवालों का जवाब दिया। लेकिन जैसे ही प्रश्नावली में घर-परिवार की बनावट और रहने की स्थितियों से जुड़े सवाल आए, मैंने उनके भीतर एक बदलाव महसूस किया। उनका उत्साह सतर्कता और झिझक भरी अधीरता में बदल गया। मैंने अपने चेहरे पर कोई भाव नहीं आने दिया और अपना लहजा भी नहीं बदला, ताकि उन्हें लगे कि मैं निष्पक्ष हूँ और उनके बारे में कोई राय नहीं बना रही।
फिर, मैंने पन्ना पलटा और मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग वाले हिस्से पर पहुँची।
इस फ़ॉर्म में मुझे मानसिक परेशानी (साइकोलॉजिकल डिस्ट्रेस) के लिए एक मानक 2-आइटम स्क्रीनिंग टूल का इस्तेमाल करना था। इसे आम तौर पर प्रशिक्षित लोग इस्तेमाल करते हैं। इसमें पूछना था कि पिछले दो हफ़्तों में उत्तरदाता ने कितनी बार “उदास, अवसादग्रस्त या निराश” महसूस किया।
ये श्रेणियाँ निरर्थक नहीं हैं। इनसे ऐसे पैटर्न का पता चलता है जिसे सिर्फ़ लोगों की कहानियों के ज़रिये नहीं समझा जा सकता। समस्या तब शुरू होती है जब उस ज़िंदगी को समझने के बजाय संख्या को समझना आसान लगने लगता है।
मैं ठिठक गई।
मैं मुंबई की रहने वाली हूँ। हिंदी मेरी तीसरी भाषा है और मैं उसे एक ख़ास लहजे में बोलती हूँ। शोरगुल वाले गलियारे में खड़ी असम की एक महिला के सामने मैं “डिप्रेशन” या “निराशा” जैसे चिकित्सकीय शब्दों का तेज़ी से अनुवाद कैसे कर पाती? घर से दूर रहकर रोज़ 15 घंटे काम करने और आर्थिक तंगी से जूझने वाले किसी प्रवासी मज़दूर से आप कैसे कह सकते हैं कि वह अपनी जटिल परेशानी को “कभी-कभी”, “अक्सर” या “बहुत बार” जैसे शब्दों में बयान करे, मानो उसकी परेशानी को उन हालात से अलग किया जा सकता हो जो उसकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुके हैं?

शायद सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली का एक अनकहा विशेषाधिकार यह है कि इसमें ढाँचागत समस्याओं को व्यक्तिगत पहलुओं में बदला जा सकता है। ग़रीबी, सामाजिक-आर्थिक स्थिति बन जाती है। पलायन, रहने की जगह बन जाता है। थकान, मानसिक परेशानी की आवृत्ति बन जाती है। असुरक्षा में ढली ज़िंदगी, स्प्रेडशीट की एक पंक्ति बन जाती है। ये श्रेणियाँ बेकार नहीं हैं; इनसे ऐसे पैटर्न का पता चलता है जिन्हें सिर्फ़ व्यक्तिगत कहानियों से नहीं समझा जा सकता। समस्या तब शुरू होती है जब उस ज़िंदगी को समझने के बजाय उससे जुड़े आँकड़ों को समझना आसान लगने लगता है।
मुझे लगा कि इंतज़ार कर रही भीड़ के दबाव में घबराहट से मेरी अकादमिक ट्रेनिंग ग़ायब हो गई थी। मैंने क्लिनिकल स्क्रिप्ट को पूरी तरह छोड़ दिया और उस अफ़रातफ़री में जो एकमात्र अनुवाद मैं कर पाई, उसे बोल दिया:
“क्या आप दुखी हैं?”
बहुत तकलीफ़देह पाँच सेकंड के लिए मानो पूरी दुनिया ख़ामोश हो गई।
उसने सीधे मेरी आँखों में देखा। उसने सिर्फ़ सवाल नहीं सुना था, मुझे लगभग दिख रहा था कि मेरे चेहरे से झलकती अटपटी सी घबराहट को भी वह पहचान रही थी। फिर तनाव अचानक टूट गया और हम दोनों ज़ोर से हँस पड़े।
अपनी प्रोफ़ेशनल गरिमा को बचाने की कोशिश में मैंने दफ़्तरी काम का बहाना बनाकर धीरे से माफ़ी माँगी: “मैं बस इसलिए पूछ रही हूँ क्योंकि मुझे यह फ़ॉर्म भरना है।”
वह मुस्कुराई, हल्के से सिर हिलाकर सहमति जताई और बस इतना कहा: “हाँ, कभी-कभी। मतलब, कौन नहीं होता?”
“कौन नहीं होता?”
बेंगलुरु और मुंबई जैसे शहरों में भले ही आर्थिक मौक़े मिलते हों, लेकिन साथ ही वहाँ आने वाले लोग सामाजिक अलगाव, पर्यावरण से जुड़ी परेशानियों और कमज़ोर होते सामुदायिक रिश्तों का सामना करने के लिए भी मजबूर होते हैं।
सिर्फ़ दो शब्दों में उन्होंने हमारी इस क़वायद के मक़सद पर ही सवाल खड़ा कर दिया। यह सवाल इस तरह बनाया गया था कि मानसिक परेशानी के ख़ास अनुभवों को अलग किया जा सके और उन्हें एक आवृत्ति (फ़्रीक्वेंसी) में बदला जा सके। लेकिन बेंगलुरु के एक कैंप में असम की एक प्रवासी महिला से बात करते हुए मैं सोचने लगी कि आख़िर मैं क्या नाप रही हूँ। उनकी पीड़ा उनकी आर्थिक असुरक्षा, पलायन, पारिवारिक ज़िम्मेदारियों और अनिश्चितता से अलग नहीं थी। इन्हीं चीज़ों ने उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी को आकार दिया था। उस आवृत्ति को पैदा करने वाले हालात से अलग कर देने पर उसका क्या मतलब रह जाता?
उनकी स्थिति ने मुझे उन मुश्किलों के बारे में भी सोचने पर मजबूर किया जो पहले से ही अनिश्चितता में जी रहे लोगों पर थोप दी जाती हैं। बेंगलुरु और मुंबई जैसे शहरों में भले ही आर्थिक मौक़े मिलते हों, लेकिन साथ ही वहाँ आने वाले लोग सामाजिक अलगाव, पर्यावरण से जुड़ी परेशानियों और कमज़ोर होते सामुदायिक रिश्तों का सामना करने के लिए भी मजबूर होते हैं1। मैं सोचने लगी कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ या मदद इन सच्चाइयों को अलग-अलग वेरिएबल (चर) के तौर पर देखती हैं या उन्हें एक साथ जुड़ा हुआ मानती हैं।
बाद में, भारत में मानसिक स्वास्थ्य के बारे में पढ़ते हुए मुझे वहाँ भी यही तनाव दिखाई दिया: सामाजिक और भौतिक स्थितियाँ न केवल पीड़ा के अनुभव को पैदा करती हैं, बल्कि यह भी तय करती हैं कि उसे कैसे समझा जाए और उसका किस तरह समाधान किया जाए1,2। रमणी अतकुरी की किताब Staying Alive में भी यही कहा गया है कि कैसे ग़रीबी, भूगोल और सामाजिक वंचना बीमारी और इलाज तक पहुँच के साथ गुँथे हुए हैं।3
फिर भी, इससे नापने (measurement) की प्रक्रिया ग़लत नहीं हो जाती। सार्वजनिक स्वास्थ्य मेट्रिक्स (metrics) पर निर्भर करता है क्योंकि इनके ज़रिए जटिल मानवीय अनुभवों को मापने, उनकी तुलना करने और उनका विश्लेषण करने की सुविधा मिलती है, और अंततः, नीति बनाने और बदलाव लाने में भी मदद मिलती है। ख़तरा तब होता है जब हम मापन को ही असल चीज़ मान लेते हैं: यानी जब हम जीवन को दर्शाने वाली किसी संख्या को उस जीवन की तुलना में अधिक महत्व देने लगते हैं।
लेकिन जब मैं उनके सामने बैठी थी तो मुझे यह अंतर कुछ अलग ही महसूस हुआ। एक ऐसी महिला, जिसने दिन का ज़्यादातर हिस्सा खड़े रहकर बिताया, उससे कहा जा रहा था कि वह एक लाइन में खड़ी रहे, मुंबइया लहजे में बात करने वाली एक अजनबी के सामने अपनी तकलीफ़ बताए, और साथ ही तय पैमाने पर उसे आँककर बताए।
उस अजीब फ़ासले को पाटने के लिए मैंने वह किया जिसे आम तौर पर फ़ील्ड रिसर्च की प्रक्रिया का हिस्सा नहीं समझा जाता है: मैंने ज़रूरत के हिसाब से तरीक़े में बदलाव किया।
यहाँ एक ऐसी महिला थी जो पहले से ही काम, पलायन और आर्थिक तंगी जैसी मुश्किलों से जूझ रही थी, और उससे कहा जा रहा था कि वह अपनी तकलीफ़ को पहले से तय श्रेणियों में ढालकर किसी संस्था के सामने रखे।
मैंने कागज़ देखा, उन्हें देखा और इंसानी अनुभवों की जटिलता को एक आवृत्ति में बदलने की कोशिश की। यह कोशिश एक छोटी-सी, क्षणिक बातचीत पर टिकी थी। मैं जानती थी कि इतनी-सी बातचीत उन अनुभवों को कभी पूरी तरह नहीं पकड़ सकती।
वह मुलाक़ात मेरे ज़हन में बनी रही। मैं सोचती थी कि मुझसे ज़्यादा अनुभवी लोग इस बेचैनी को कैसे संभालते होंगे। क्या उन्होंने इन सवालों को ज़्यादा सहज तरीक़े से पूछना सीख लिया था? क्या वे बस ये सवाल पूछने के अभ्यस्त हो गए थे? या क्या कभी-कभी उन्हें लगता था कि न पूछना ही आसान है?
मुझे यह आख़िरी बात सबसे ज़्यादा परेशान करने वाली लगी।
एक ऐसे देश में जहाँ लगभग 4.1 करोड़ प्रवासी हैं4, ऐसे सवाल न पूछने में भी एक तरह की हिंसा छिपी है। जो सवाल नहीं पूछे गए, वे शायद कभी सामने न आते, उनका कोई रिकॉर्ड न बनता और शायद संस्थागत रूप से वे महत्वहीन ही रह जाते। फिर भी, सवाल पूछना भी पूरी तरह मासूमियत भरा काम नहीं था। यहाँ एक ऐसी महिला थी जो पहले से ही काम, पलायन और आर्थिक तंगी जैसी मुश्किलों से जूझ रही थी, और उससे कहा जा रहा था कि वह अपनी तकलीफ़ को पहले से तय श्रेणियों में ढालकर किसी संस्था के सामने रखे। अगर कुछ न पूछने से दुख अनदेखा रह सकता था, तो क्या ग़लत हालात में सवाल पूछना भी अपमान का एक रूप बन सकता था?
हो सकता है कि सवाल को छोड़ देना सिर्फ़ आलस या ग़लत तरीक़ा न हो, बल्कि एक-दूसरे को बचाने का तात्कालिक तरीक़ा हो। फ़ील्ड वर्कर शायद जवाब देने वाले को अपनी तकलीफ़ को किसी संस्था की तय श्रेणियों में ढालकर पेश करने के बोझ से बचाते हों, लेकिन इसकी क़ीमत यह होती है कि वह तकलीफ़ रिकॉर्ड से ही ग़ायब हो जाती है। कड़वा सच यह है कि दोनों में से कोई भी विकल्प निष्पक्ष नहीं है।
उस भीड़ भरे हॉल में लाइन में खड़े लोगों के लिए एक सुविधाजनक बॉक्स पर टिक करना उन्हें वह हक़ देने का एक तरीक़ा बन गया जिसे पैमाना (metric) दर्ज नहीं कर पाया। वह था क्लिपबोर्ड के लिए अपनी तकलीफ़ को दिखाने या उसे दोबारा जीने की मजबूरी के बिना अपने दिन के काम में आगे बढ़ने का अधिकार।
मैं बूट पहनकर और एक क्लिनिकल इन्वेस्टिगेटर की भूमिका में कैंप में आई थी। जब मैं वहाँ से निकली तो सोच रही थी कि उस दिन मैंने जो सबसे ज़रूरी चीज़ मापी थी, वह कोई स्कोर नहीं था, बल्कि हमारे पूछे गए सवाल और उसका जवाब देने वाले व्यक्ति की ज़िंदगी के बीच का फ़ासला था।
Subscribe to stay connected
We will send you a monthly newsletter listing all the articles that were published in the month.
शायद सार्वजनिक स्वास्थ्य की एक कड़वी सच्चाई यह है कि पैटर्न समझने के लिए हमें आँकड़ों की ज़रूरत तो होती है, लेकिन हमें उन लोगों की ज़िंदगी को कभी नहीं भूलना चाहिए जो असल में ये आँकड़े बन जाते हैं। उस खचाखच भरे कैंप में सबसे सच्चा आँकड़ा कोई टिक किया हुआ बॉक्स नहीं था; बल्कि एक औरत की हँसी और उसके दो शब्दों का जवाब था: “कौन नहीं होता?”
संदर्भ
- Nandish M, Pruthi SR, Dhaliwal AS. Social determinants of mental health in India: Beyond hospitals and pills. Ann Indian Psychiatry. 2026. doi: 10.4103/aip.aip_25_26.pubmed.ncbi.nlm.nih
- Chakrapani V, Bharat S. Mental health in India: Sociocultural dimensions, policies and programs – An introduction to the India Series. SSM Ment Health. 2023;4:100277. doi: 10.1016/j.ssmmh.2023.100277.journals.sagepub
- Atkuri R. Staying Alive. Pan Macmillan India; 2024.
- Ministry of Labour & Employment, Government of India. Migration of Labour in the Country [Internet]. New Delhi: Press Information Bureau; 2023 Jul 20 [cited 2026 Aug 30]. Available from: https://www.pib.gov.in/PressReleasePage.aspx?PRID=1941077
