क्या आधे दिन की एक कार्यशाला आपकी ज़िंदगी का आईना बन सकती है?
अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में मास्टर ऑफ़ पब्लिक हेल्थ के कोर्स को शुरू हुए एक ही महीना हुआ था कि मुझे एक शिक्षक की तरफ़ से एक ई-मेल मिला। यह एक ऐसी कार्यशाला के बारे में था, जो मज़ेदार और ख़ुशनुमा माहौल में लोगों के आपसी मेल-जोल के ज़रिए सामाजिक पहचानों को टटोलने वाली थी — और यह सब जन स्वास्थ्य की पढ़ाई के सिलसिले में था। सूचना में बताया गया था कि यह अनुभवों के माध्यम से सीखने वाली अनुभव आधारित कार्यशाला होगी, जिसमें वर्कशीट, गतिविधियों और समूह में अपनी बात रखना — तीनों शामिल होंगे।
मैं कार्यशाला में थोड़ी देर से पहुँची। वहाँ जाकर मैंने पाया कि मेरे सहपाठी एक गोला बनकर बैठे थे। उनके गोले के चारों तरफ कुछ बोर्ड लगे हुए थे। इन बोर्डों पर कुछ शब्द लिखे थे। जैसे ही मैंने ‘जाति’ शब्द वाला पहला बोर्ड देखा, मैं चौंक गई। मुझे ऐसा लगा कि जैसे मेरे अनुभव मेरी आँखों के सामने घूम गए हो। आख़िर में, जब मेरी दोस्त ने मुझे आवाज़ लगाई, तो मैं कमरे में जाकर बैठ गई। ऐसा लगा लगभग मैं 15 मिनटों मेरे दिमाग़ ने काम करना ही बंद कर दिया हो। मानो, मेरे कानों में शब्द ही नहीं पड़ रहे थे। मैं बहुत ज़्यादा परेशान और खालीपन महसूस कर रही थी। मेरा दिल भारी था और तभी मेरे मन में एक सवाल कौंधा कि: मैं कौन हूँ?

पहचानों का चक्र, एक खाली बॉक्स और कुछ दुखद पल
उस गोले में हर कुर्सी पर एक प्रिंट की हुई वर्कशीट रखी हुई थी। मैंने कांपते हाथों से झिझकते हुए अपनी वर्कशीट ली और वहाँ बैठ गई। उस वर्कशीट में मांगी गई हर निजी और सामाजिक जानकारी जैसे व्यक्ति की पहचान घूमता हुआ एक पहिया हो। इस पहिए में आपके भाई-बहनों की संख्या, उनमें आपके जन्म का नंबर, किस जाति में जन्म हुआ, क्लास, जेण्डर, धर्म, भाषा, योग्यता और पढ़ाई-लिखाई से संबंधित सवाल पूछे गये थे। मैं अपने अंदर पहले से ही कई सवालों से जूझ रही थी और जब मुझसे बॉक्स में पूछी गई जानकारी भरने के लिए कहा गया, तो मैं ख़यालों की एक अलग ही दुनिया के सफ़र पर चली गई। मैं सोचने लगी कि क्या आस-पास बैठे मेरे दोस्त मुझे इस वर्कशीट को भरते हुए देख लेंगे कि मैंने उसमें क्या-क्या लिखा है? मैं यह पर्चा कैसे भर सकती हूँ? जब मैं अपनी जाति के बारे लिखूंगी तो मेरी दोस्त मेरे बारे में क्या सोचेंगे? क्या वह मुझसे दोबारा बात करेंगे? मेरे मन में कई सवाल हिलोरे ले रहे थे और इस तरह वह ख़ास बॉक्स खाली रह गया।
तुम लोग कभी स्कूल या डिग्री पूरी नहीं कर पाते, क्योंकि सरस्वती (ज्ञान की देवी) तुम्हारी जाति पर कभी भी अपनी कृपा नहीं बरसाती है और तुम कह रहे हो कि तुम पीएचडी (PhD) करके डॉक्टर बनोगी?
फिर, हमें अपनी बात साझा करने के लिए अपनी पसंद से छोटे-छोटे समूह में बंट जाने के लिए कहा गया। इस समूह में हमें आपस में चर्चा करनी थी कि हमने बॉक्स में क्या जानकारी भरी है, बल्कि इस बारे में कि हमें अपनी पहचान के बारे में लिखते हुए कैसा लग रहा था, यानी हम क्या महसूस कर रहे थे। चूँकि, मैं अपने समूह के सदस्यों के साथ सहज महसूस कर रही थी, इसलिए मुझे वहाँ अपनी बातें साझा करने में गहरा आत्मविश्वास महसूस हुआ। मैंने हिम्मत जुटाई और धीमी आवाज़ में बोलना शुरू किया। मुझे अपनी बातें साझा करने में थोड़ी मुश्किल ज़रूर हो रही थी। मेरी आवाज़ लड़खड़ा रही थी और मेरी आँखों से बिना कुछ कहे ही आँसू बहने लगे। यह मेरी गलती नहीं थी। मेरी आँखें बस मेरे अंदर उठ रही भावनाओं की प्रतिक्रिया थीं, ऐसा अपने आप हो गया।

एक ही तस्वीर को देखने का अलग-अलग नज़रिया और गहरे ज़िंदा ज़ख्म
निजी जानकारी वाले कॉलम में ‘जन्म का क्रम’ और ‘भाई-बहनों की संख्या’ भरना ही अपने आप में काफ़ी मुश्किल था। लोग अक्सर सोचते हैं कि मैं इकलौती संतान होने की वजह से भाग्यशाली हूँ, लेकिन सिर्फ़ मैं ही जानती हूँ कि यह सफ़र कितना अकेलेपन से भरा और मुश्किल था। मैंने सातवीं कक्षा से ही जान-बूझकर दोस्तों के साथ हॉस्टल में रहने का फैसला किया। मैंने कक्षा 12 में ही इस बात का मन बना लिया था कि मेरे माता-पिता के जाने के बाद मैं किसी और की ज़िम्मेदारी नहीं बनूँगी। मैं इस दुनिया में अकेले ही संघर्ष करूंगी। तब से, मैंने सबसे और यहाँ तक कि अपने माता-पिता से भी भावनात्मक दूरी बना ली है। मैंने अपने दोस्तों को बताया कि – जहाँ दूसरों के भाई-बहन हैं, वहीं मेरे लिए कोई नहीं है। इसीलिए मेरे लिए पढ़ाई करना इतनी ज़रूरी है।
जब मैंने बोर्ड और अपने पेपर पर “जाति” शब्द देखा, तो मेरे स्कूल और कॉलेज के दिनों के कुछ दर्दनाक पल मेरे दिमाग में कौंध गए।
स्कूल में, जब मेरी कक्षा के दूसरे विद्यार्थी अपने मकसद और उद्देश्य में बारे में बताते थे, तब मैंने भी पूरी कक्षा को बहुत गर्व से बताया था कि मैं डॉक्टर बनना चाहती हूँ और PhD करना चाहती हूँ। उन दिनों मेरी नज़र में यह सबसे बड़ी डिग्री थी। एक ऐसी डिग्री, जो मेरे गाँव और समुदाय के किसी भी व्यक्ति ने कभी हासिल नहीं की थी। तब मेरी कक्षा के शिक्षक ने मुझ पर हंसते हुए कहा था, “तुम लोग कभी स्कूल या डिग्री पूरी नहीं कर पाते, क्योंकि सरस्वती (ज्ञान की देवी) तुम्हारी जाति पर कभी भी अपनी कृपा नहीं बरसाती है। तुम कह रही हो कि तुम पीएचडी (PhD) करके डॉक्टर बनोगी? यह संभव नहीं है? क्योंकि, तुम्हारी जाति की लड़कियां 20 की उम्र तक आते-आते दो बच्चों की मां बन चुकी होती हैं।” मेरे शिक्षक की इस बात पर मेरे दोस्तों समेत सभी लोग हँस पड़े।
मेरे कॉलेज के करीबी दोस्तों ने मेरे कोर्स के साढ़े पाँच साल की लंबी अवधि के दौरान, मुझे अपने माता-पिता से कभी नहीं मिलवाया। मैंने अपने एक सबसे अच्छे दोस्त से तब दोस्ती ख़त्म कर ली जब उसने मुझसे कहा कि अगर वह मुझे अपने घर ले गया, तो उसकी दादी उसे चप्पल से मारेंगी।
आगे चलकर, इम्तहान मैंने 96% नंबर हासिल किए। इसके बाद एक नेचुरोपैथी मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लिया और इस तरह मैंने उसकी सोच को गलत साबित कर दिया। जब मैं उसे स्कूल में दोबारा मिली तो उसने अपनी बातों के लिए मुझसे माफ़ी मांगी। मैंने बस इतना कहा,“थैंक यू – तुम्हारी बातों की वजह से मैं आज यहाँ हूँ।” लेकिन, मैं अब भी उसे मुआफ़ नहीं कर पायी हूँ।
उस संवादहीन-बहिष्कारपूर्ण माहौल और अपनों में बीच अकेलापन
आख़िरकार, मुझे कॉलेज में आकर अपनापन महसूस हुआ, जब सब लोग इस बात को कहते हुए, मुझ पर गर्व महसूस करते थे कि “मैं डॉक्टर बनने जा रही हूँ।” मुझे इस बार पर पूरा यकीन था कि अब कोई मेरी जाति के बारे में कुछ नहीं कहेगा। लेकिन, इस दुनिया ने मेरी ख़ुशी को ज़्यादा देर तक नहीं टिकने दिया। मेरे कॉलेज के करीबी दोस्तों ने मेरे कोर्स के साढ़े पाँच साल की लंबी अवधि के दौरान, मुझे अपने माता-पिता से कभी नहीं मिलवाया। मैंने अपने एक सबसे अच्छे दोस्त से दोस्ती तब ख़त्म कर दी जब उसने मुझसे कहा कि अगर वह मुझे अपने घर ले गया, तो उसकी दादी उसे चप्पल से मारेंगी।
“तुम्हारे पास आरक्षण की सीट है, तुम्हें किस बात की चिंता?” उस पल मैंने यह तय कर लिया कि मैं अपनी जगह सिर्फ़ और सिर्फ अपनी काबिलीयत और अपने ज्ञान से बनाऊँगी, न कि अपनी जाति से।
हालांकि, कहने को तो वे लोग मेरे करीबी थे, वे मुझसे चीज़ें भी उधार लेते थे, मेरे साथ खाना भी शेयर करते थे और ऊपरी तौर पर देखने पर सब कुछ ठीक लगता था – लेकिन, उनके इस व्यवहार में गहरी दूरी भी मौजूद थी।
जब भी लोग मुझसे मेरी जाति के बारे में पूछते थे, तो मुझे उन्हें सच बताने में डर लगता था। अक्सर इसका जवाब देते हुए कहती थी कि मेरे माता-पिता ने अंतर्जातीय विवाह (इंटरकास्ट मैरिज) किया है। एक बार, मैं अपनी दोस्त के घर गई और मैं तुरंत ही असहज होकर वहाँ से निकल गई। मैंने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि जब मैं पहला निवाला लेने ही वाली थी कि उसके पिता मेरी जाति पूछ ली। अपने स्कूल की तरह ही, मैं कॉलेज में यह सुनकर दंग रह गई कि शिक्षक और प्रोफ़ेसर इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि कैसे परीक्षा में मिलने वाले नंबर जाति से जुड़े हुए हैं और कैसे मरीज़ भी जाति के आधार पर डॉक्टर चुनते हैं। मेरा एजुकेशन लोन शुरू में इसलिए मना कर दिया गया, क्योंकि मैं एक ख़ास गाँव और एक ख़ास जाति से आती थी।
मेरे पढ़ाई के अंतिम वर्ष में जब हम अपने एमडी (MD) की परीक्षा पर चर्चा कर रहे थे, तब मेरे एक सबसे अच्छे दोस्त ने मुझसे कहा, “तुम्हारे पास आरक्षण की सीट है, तुम्हें किस बात की चिंता?” उस पल मैंने यह तय कर लिया कि मैं अपनी जगह सिर्फ़ और सिर्फ अपनी काबिलीयत और अपने ज्ञान से बनाऊँगी, न कि अपनी जाति की बिना पर।
लेकिन, फिर मैंने सोचा, “अगर मैं सिर्फ़ इन चार दीवारों के अंदर चिल्लाऊँगी और रोऊँगी, तो मुझे कोई नहीं सुनेगा!” इसलिए, मैंने कक्षा में अपनी बात रखने, अपने प्रोफ़ेसर और साथियों-सहपाठियों से बात करने, फिर आख़िरकार यह नोट लिखने का फ़ैसला किया।
अपनी पहचान छिपाने का दर्द
जब मैं यह लिख रही थी, तो मैं अपने आँसुओं और दर्द को रोक नहीं पा रही थी। मैंने अपने सवालों के जवाब खोजने की लगातार कोशिश कर रही थी, लेकिन मुझे कोई जवाब नहीं मिला। मैं अपनी पहचान छिपाने की कोशिश नहीं कर रही हूँ। लेकिन, जब भी मुझे यह कहने का मौका मिलता है, “हाँ, मैं इस कैटेगरी से हूँ”, तो मुझे लगता है कि काश! मैं सबसे चिल्लाकर यह भी कह पाती, “तुम्हें इससे क्या फ़र्क पड़ता है?”
अपना वर्कशीट पकड़े हुए और दूसरों की बातें सुनते हुए, मैंने यह मान लिया था कि एक बार जब मैं डॉक्टर बन जाऊँगी, तो ‘ऊँची’ जाति और ‘नीची’ जाति के बीच यह फ़र्क ख़त्म हो जायेगा। लेकिन, समाज की ऊँच-नीच पर आधारित व्यवस्था ने मुझे कुछ और ही बताया। मुझे बताया गया कि मैं नीच हूँ और यहाँ ‘ऊँची जाति’ और ‘नीची जाति’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल आम बात है। “ऊँची” और “नीची” का क्या मतलब है? ऐसी कौन-सी चीज़ है, जो कुछ लोगों को “ऊँची” जाति और उनके अलावा सभी को “नीची” जाति का महसूस कराती है? कुर्सियों से उस घेरे में, मैं कैसे इस बात का पता लगाऊं कि कौन-सी कुर्सी कथित ऊपर वालों के लिए है और कौन-सी कथित नीचे वालों के लिए है? मुझे ऐसा लगा जैसे कि मैं बिना यह जाने कि मुझे कितना भागना है, मैं म्यूज़िकल चेयर्स का गेम खेल रही हूँ। मैं अपनी कुर्सी तक कब पहुँच सकती हूं? मेरी कुर्सी कहाँ है? मैं उस जगह तक कैसे पहुँच सकती हूँ, जिसे “ऊपर” कहते हैं?
वह हॉल हवादार था, फिर भी मुझे वहाँ घुटन-सी महसूस होने लगी थी। मेरा दिल टूट गया और मेरे आंसू मेरी वर्कशीट पर गिर रहे थे। मैं वर्कशॉप से बाहर निकल गई और अपने कमरे में जाकर खूब रोई। लेकिन, फिर मैंने सोचा, “अगर मैं सिर्फ़ इन चार दीवारों के अंदर चिल्लाऊँगी और रोऊँगी, तो मुझे कोई नहीं सुनेगा!” इसलिए, मैंने कक्षा में अपनी बात रखने अपने प्रोफ़ेसर और साथियों-सहपाठियों से बात करने, फिर आख़िरकार यह नोट लिखने का फ़ैसला किया।

पहचान के असल मतलब को समझने के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है
कुछ लोग अपनी सामाजिक पहचान के बारे में गर्व से बताते हैं, जबकि कई लोग उसे एक बोझ की तरह ढोने को मजबूर होते हैं। एक ऐसा बोझ, जो उन्हें लगातार कुचल रहा हो। मैं अपनी इस बात को एक उदाहरण के साथ ख़त्म करना चाहती हूँ। टेबल पर बैठे मेरे दस साथियों को उनकी प्लेटों में अलग-अलग तरह का स्वादिष्ट खाना परोसा गया। मैं उसी टेबल पर बैठी ग्यारहवीं इंसान हूँ, लेकिन मेरी प्लेट में सिर्फ़ बासी चावल और प्याज़ हैं। मेरे दस साथियों को भूख नहीं है, इसलिए वे अपना खाना कूड़ेदान में फेंककर बर्बाद कर देते हैं। मुझे भूख लगी है, लेकिन मैं कर ही क्या सकती हूँ? उस टेबल पर बैठे ख़ास अधिकार मिले हुए लोगों से, मैं ये कहना चाहती हूँ: अपने ख़ानदानी, जाति और विरासत में मिले फ़ायदों का दिखावा मत करो, ख़ासतौर पर तब, जब हममें से इतने सारे लोग अभी भी बुनियादी अधिकार और सम्मान से महरूम-दूर कर दिए गए हैं।
सभी के लिए समान सामाजिक पहचान: एक सार्वजनिक स्वास्थ्य के विद्यार्थियों के लिए एक ज़रूरी सबक़
इस आधे दिन की कार्यशाला और उसके बाद कक्षा में हुई चर्चाओं ने मेरा नज़रिया काफ़ी हद तक बदल दिया। इन सब से मुझे ख़ुद को और अपने आस-पास के समाज को देखने का एक नया नज़रिया मिला। इससे मुझे यह समझने का एक बड़ा नज़रिया मिला कि समाज अपनी गलतफ़मियाँ और झूठी मान्यताएँ हम पर कैसे थोपता है। साथ ही, कुछ ज़रूरी सवाल भी मन में उठे: समाज एक 12 साल की लड़की को ‘अपनी कुर्सी’ के पीछे दौड़ने का दबाव क्यों डालता है? कुर्सियाँ होनी ही क्यों चाहिए? मैं अपने किसी खोए हुए हिस्से को ढूंढ रही हूँ, तब क्या समाज में ही कुछ गड़बड़ी है? क्या मेरी पहचान मेरी अपनी पसंद है या इस समाज ने सब कुछ मुझ पर थोप रखा है? जब शायद कोई कुर्सी है ही नहीं, तो मैं कुर्सी का पीछा क्यों कर रही हूँ? मैंने इतने लंबे वक्त तक ये दर्दनाक अनुभव क्यों झेले हैं? और यह सब जानकर भी, मैं इतनी ख़ामोश क्यों हूँ?
अगर मेरे जैसे बहुत पढ़े-लिखे इंसान को भी समाज द्वारा लगाये गये ठप्पे की वजह से शर्मिंदगी का सामना करना पड़ सकता है। अगर मुझे अपने साथियों के सामने ख़ुद की पहचान बताने में झिझक और डर लग सकता है; तो सोचिए, वंचित समुदाय से आने वाले लोग स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में जाने पर कैसा महसूस करते होंगे?
इस अहसास ने मुझे अपने अंदर समाये उस डर से बाहर निकलने में मदद की कि “क्या होगा अगर मैं बॉक्स में यह लिखूँ और मेरे दोस्त मुझे इस आधार पर मेरे बारे में राय बना लेंगे”। आख़िरकार मैंने हिम्मत जुटाई और अपने सारे अनुभव सबके साथ साझा किए। अब मैं दूसरों को बता सकती हूँ कि: यह मैं हूँ और यह मेरा समुदाय है। इस समाज ने मुझे एक सामाजिक ठप्पा दिया। लेकिन, वह मेरी पहचान नहीं है। अब मैं ज़्यादा आत्मविश्वास महसूस करती हूँ और इतने वर्षों से जो बोझ मैंने अपने कंधों पर ढोया है, अब उससे आज़ाद हूँ। पहले मुझे घुटन और दम घुटने जैसा महसूस होता था। लेकिन, पिछले अनुभवों के उलट, मुझे अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय ने एक खुला माहौल मुहैया करवाया है। इस माहौल मैं आज़ादी की सांस ले सकती हूँ और खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकती हूँ। क्योंकि मेरे दोस्त, शिक्षक और मेरे आस-पास के सभी लोग मुझे समाज द्वारा दिए गए पहचान के साथ जोड़कर नहीं देखते हैं, बल्कि एक इंसान-एक व्यक्ति के तौर पर देखते हैं।
सार्वजनिक स्वास्थ्य (पब्लिक हेल्थ) की छात्रा के तौर पर, हम सभी अपने पाठ्यक्रम से और कक्षा में सीखते हैं। लेकिन, मैंने इस कार्यशाला के ज़रिए बराबरी की अहमियत को अपने जीवन के अनुभवों से जोड़ना सीखा। जहाँ मैं समाज में मौजूद असमानता पर खुलकर होने वाली चर्चाओं के दौरान अपने साथियों के साथ अपना दर्द और संघर्ष साझा कर सकती हूँ। वहीं मुझे इस सवाल के और भी जवाब मिलने की उम्मीद है कि “मैं कौन हूँ?”
इस अनुभव ने मुझे एक उभरते हुए सार्वजनिक स्वास्थ्य पेशेवर के तौर पर एक ज़रूरी सबक़ भी सिखाया। अगर मेरे जैसे बहुत पढ़े-लिखे इंसान को भी समाज द्वारा लगाये गये ठप्पे की वजह से शर्मिंदगी का सामना करना पड़ सकता है। अगर मुझे अपने साथियों के सामने ख़ुद की पहचान बताने में झिझक और डर लग सकता है; तो सोचिए, वंचित समुदाय से आने वाले लोग स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में जाने पर कैसा महसूस करते होंगे? मुझे लगाता है, इस व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अपनी गलतफ़हमियों और पूर्वाग्रहों के साथ जीने वाले तथा दूसरों के साथ अपमानजनक अमानवीय व्यवहार करने वाले लोग ज़िम्मेदार हैं। हो सकता है कि अपनी भावनाओं को ईमानदारी से साझा करने की वजह से मेरे सहपाठी इस बात को समझ पाए कि जातिगत ‘असमानता’ कई समुदायों के लिए मानसिक तनाव की वजह बनती है? हो सकता है, अनजाने में मैंने अपने कुछ साथियों को ज़्यादा संवेदनशील पेशेवर बनने में मदद की हो?
आख़िर में, जब मैं इस बात के लिए ख़ुद को सौभाग्यशाली मानती हूँ कि मैं अपने गाँव से उच्च शिक्षा के लिए जाने वाली पहली इंसान थी और अपने राज्य से यहाँ तक पहुँचने वाली अपनी बैच की अकेली छात्रा थी। अब मुझे अपने जैसे दूसरे लोगों की मदद करने की तीव्र इच्छा महसूस होती है, जो भूखे हैं और जिनकी थाली में बासी चावल और प्याज़ के सिवा कुछ नहीं है।
